
गैसड़ी (बलरामपुर)। विधानसभा गैसड़ी क्षेत्र के ग्राम भोजपुर चौराहे पर स्थित कन्हैया जायसवाल की कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ ने घटनास्थल का दौरा कर जली हुई दुकान का निरीक्षण किया। पूर्व विधायक शैलू ने पीड़ित व्यापारी और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। दुकान के अंदर दीवारों पर आग के गहरे निशान, जला हुआ सामान और पूरी तरह क्षतिग्रस्त ढांचा देखकर उन्होंने स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात कर शीघ्र सर्वे कराने और नुकसान का उचित आकलन करने के निर्देश देने की बात कही। शैलू ने पीड़ित व्यापारी को सरकारी सहायता, मुआवजा और हर संभव सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक शैलू ने कहा कि ऐसी घटनाओं में प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को समय पर राहत मिल सके। इस दौरान स्थानीय लोग और उनके समर्थक भी मौजूद थे। इस घटना से क्षेत्र में व्यापारी वर्ग ने पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है।




































