
बरगाहपुर के लेहरा स्टेशन स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात व्यवस्था लगातार अव्यवस्थित बनी हुई है। सुबह और शाम के समय यहां भारी भीड़ के कारण यात्रियों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे फाटक बंद होने पर क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इस जाम में बाइक, ई-रिक्शा, ऑटो सहित अन्य वाहन फंस जाते हैं। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी निकलने में भारी कठिनाई होती है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। अव्यवस्थित आवागमन के कारण यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से मांग की है कि लेहरा स्टेशन रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात व्यवस्था को जल्द से जल्द सुधारा जाए, ताकि बच्चों और आम यात्रियों को इस समस्या से राहत मिल सके।

















