8 साल से आंगनबाड़ी केंद्रों पर नहीं बना भोजन:श्रावस्ती में हॉट कुक्ड योजना में घोटाले का आरोप; मंत्री ने DM को जांच के निर्देश दिए

5
Advertisement

श्रावस्ती जिले में हॉट कुक्ड योजना के तहत बच्चों को मिलने वाले गर्म भोजन में बड़े स्तर पर घोटाले का आरोप लगा है। समाजसेवी मनोज पाठक ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2018 से जिले के 926 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हॉट कुक्ड योजना लागू है। इस योजना के तहत प्रति बच्चे 8.50 रुपये की राशि भेजी जाती है, जिसमें से 1.50 रुपये रसोइया और आंगनबाड़ी सहायिका के पारिश्रमिक के लिए भी निर्धारित हैं। आरोप है कि आठ वर्षों से न तो रसोइया और न ही सहायिका को भुगतान किया गया, जिसके कारण केंद्रों पर भोजन नहीं बना। मनोज पाठक ने आरोप लगाया कि डीपीओ की मिलीभगत से बड़े स्तर पर रुपये का गोलमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि जब आठ वर्षों से रसोइया और सहायिका को पारिश्रमिक नहीं मिला, तो बिना वेतन कोई काम कैसे करेगा। आरोप है कि प्रति बच्चे मिलने वाले सात रुपये प्रधान और आंगनबाड़ी से जुड़े खातों में जाकर बंदरबांट हो गए। मनोज पाठक ने पूरे मामले में बड़े स्तर पर घोटाले की आशंका जताई है और कार्रवाई न होने पर न्यायालय जाने की चेतावनी दी है। इस मामले पर आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि हॉट कुक्ड योजना का मुद्दा उनके संज्ञान में लाया गया है। मंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी से इस पूरे प्रकरण को स्वयं देखने के लिए कहा जाएगा। शासन की मंशा है कि बच्चों को गर्म और पका-पकाया भोजन मिले। यदि योजना के क्रियान्वयन में कहीं कमी पाई जाती है, तो उसे दूर कराया जाएगा।

Advertisement