बस्ती के लालगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने पासपोर्ट होल्ड होने का झांसा देकर एक युवती का मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 49,999 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना लालगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम समसपुर निवासी बृजेश कुमार सिंह ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को समय पर पासपोर्ट नहीं मिल रहा था। इसी संबंध में जानकारी के लिए उसने इंटरनेट पर डाक विभाग से जुड़ी खोज की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध माध्यम से युवती का संपर्क एक व्यक्ति से हुआ। उस व्यक्ति ने खुद को संबंधित विभाग का कर्मचारी बताया और कहा कि पता स्पष्ट न होने के कारण उसका पासपोर्ट होल्ड कर दिया गया है। उसने युवती को भरोसे में लेकर उसका पता साझा करने को कहा और फिर मोबाइल में कुछ प्रक्रियाएं अपनाने के निर्देश दिए। युवती ने जैसे ही बताए गए निर्देशों का पालन किया, उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और स्क्रीन पूरी तरह काली पड़ गई। पीड़िता ने कई बार फोन को बंद-चालू करने का प्रयास किया, लेकिन वह सामान्य नहीं हो सका। किसी से संपर्क करने की कोशिश करने पर मोबाइल पर एक फर्जी सहायता सेवा का पेज खुल जाता था, जिससे वह कॉल या संदेश नहीं भेज पा रही थी। इसी बीच, ठगों ने युवती के बैंक खाते से 49,999 रुपये की रकम निकाल ली। इस घटना के संबंध में साइबर क्राइम थाना लालगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।











































