महिलाओं को नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी गई:शोहरतगढ़ में मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

0
5

शोहरतगढ़। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित गुजरौलिया गांव में महिलाओं और लड़कियों को नए आपराधिक कानूनों के बारे में जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम थाना शोहरतगढ़ के प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस चौकी खुनुवा द्वारा आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को खुद के साथ होने वाले अपराधों से बचाव की जानकारी देना था। जागरूकता टीम ने दहेज उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट और महिला संबंधी मुकदमों में पीड़ितों की काउंसलिंग भी की। इसके साथ ही, गांव में जगह-जगह ‘मिशन शक्ति 5.0’ के स्टीकर चस्पा किए गए, ताकि महिलाएं अपनी समस्याओं के लिए संपर्क कर सकें। टीम ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर महिलाएं अपनी समस्याओं को दर्ज करा सकती हैं और सहायता प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें 1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड केयर लाइन), 108 (एम्बुलेंस हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन हेल्पलाइन), 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं। नए कानूनों के साथ-साथ यातायात नियमों के बारे में भी बताया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में ग्राम प्रधान करम हुसैन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सरिता, उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, हेड कांस्टेबल अविनाश सिंह, पवन मौर्य, महिला कांस्टेबल उर्मिला देवी, शोभा भारती और अंबिका सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
विज्ञापन