खजुहा गांव में बृहस्पतिवार दोपहर करीब 3 बजे एक खाली बोरा लदा ट्रक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। ओवर हाइट के कारण तार से निकली चिंगारी ने ट्रक में आग लगा दी, जिससे वह धू-धूकर जलने लगा। ट्रक चालक बुधवार को वाहन लेकर अपने घर आया था। बृहस्पतिवार को जब वह गंतव्य स्थान के लिए निकल रहा था, तो प्राथमिक विद्यालय के पास ट्रक का ऊपरी हिस्सा 11000 वोल्ट के विद्युत तार से टकरा गया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन की सूचना पर मौके पर पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, ट्रक में लदे खाली बोरे पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





































