कांक्षेश्वरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर उमड़ी भीड़: श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर की सुख-समृद्धि की कामना – Dhani(Maharajganj) News

4
Advertisement

धानी बाजार स्थित प्राचीन कांक्षेश्वरनाथ शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर होते ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लग गया। दूर-दूर से आए श्रद्धालु हाथों में जल, बेलपत्र, दूध और फूल लेकर भगवान शिव के दर्शन के लिए पंक्तिबद्ध दिखाई दिए। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजे मंदिर में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। भक्तों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की। कई श्रद्धालु व्रत रखकर सुबह से ही पूजा-अर्चना में जुटे रहे। श्रद्धालुओं राजेश, सुमित, राजू सैनी, प्रिया और मालती ने बताया कि महाशिवरात्रि का पर्व उनके लिए आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस दिन भगवान शिव के दर्शन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और मन को अद्भुत शांति मिलती है। महंत अगस्त मिश्र ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विशेष पूजन, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, पेयजल और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई थी। दोपहर तक श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहा और पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों का क्रम चलता रहा।
यहां भी पढ़े:  मिठौरा में 11 दिवसीय रुद्र मृत्युंजय महायज्ञ संपन्न: दीपदान के साथ 33 कोटि देवी-देवताओं को दी गई विदाई - Bhagatar(Nichlaul) News
Advertisement