बहराइच में लाइन ठीक करते समय लाइनमैन को लगा करंट:गंभीर रूप से झुलसा, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

10
Advertisement

बहराइच जिले के रूपईडीहा इलाके में एक लाइनमैन को बिजली का करंट लग गया। वह गुरुचाही गांव में ट्रांसफार्मर पर लाइन ठीक कर रहा था, तभी अचानक विद्युत आपूर्ति चालू हो गई। इस घटना में लाइनमैन गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों की तत्परता से बिजली बंद होने के कारण उसकी जान बच सकी।

यह घटना शनिवार शाम को हुई। रूपईडीहा थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी 45 वर्षीय रंजीत विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। वह गुरुचाही गांव में ट्रांसफार्मर पर खराब फेस को जोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए।

करंट लगने से रंजीत का एक हाथ और पेट का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। उनके साथी कर्मचारियों और ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Advertisement