ठूठीबारी चौराहे और अस्पताल के पास कूड़े का ढेर: संक्रमण का खतरा बढ़ा, जिम्मेदार अधिकारी मौन – Chatiyan(Nichlaul) News

5
Advertisement

ठूठीबारी नगर का मुख्य चौराहा और धरमौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास इन दिनों कूड़े का अंबार लगा हुआ है। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इस महत्वपूर्ण कस्बे में गंदगी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। गंदगी और बदबू के कारण स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास कूड़े के ढेर से मरीजों और उनके तीमारदारों को भी बदहाल माहौल में रहना पड़ रहा है। निचलौल ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ठूठीबारी नगर में रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है। यह चौराहा नेपाल राष्ट्र से आने-जाने वाले यात्रियों, पर्यटकों और व्यापारियों के लिए पहला पड़ाव है। नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय जयसवाल ने बताया कि कई दिनों से सफाई नहीं कराई गई है। ग्रामीण कन्हैया विश्वकर्मा, गुड्डू मिर्जा, राजू कसौधन और हरिओम जायसवाल ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही कूड़ा निस्तारण की कोई स्थायी व्यवस्था है। इस संबंध में निचलौल एडीओ पंचायत विनय पाण्डेय ने बताया कि ठूठीबारी में कूड़ा जमा होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि सरकारी सफाई कर्मियों की ड्यूटी ईटहिया मंदिर में लगी थी, लेकिन अब कल सफाई कर्मियों को भेजकर साफ-सफाई कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।
यहां भी पढ़े:  नीति आयोग टीम ने सीएचसी लक्ष्मीपुर का किया औचक निरीक्षण: चिकित्सकों से सेवाओं पर पूछताछ, पारदर्शिता के निर्देश - Ekma(Nautanwa) News
Advertisement