इटहिया के पंचमुखी शिव मंदिर में शिव जागरण: देर रात तक भजनों और जयघोष से गूंजा परिसर – Bargadwa Bazar(Nautanwa) News

1
Advertisement

महाशिवरात्रि महापर्व के पावन अवसर पर ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के इटहिया स्थित पंचमुखी शिव मंदिर में शिव जागरण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में श्रद्धालु देर रात तक शिव भजनों पर झूमते रहे। शिव जागरण की शुरुआत शनिवार शाम लगभग 8 बजे हुई। मंदिर के पुजारी ध्यान गिरी और उनके सहयोगी मुन्ना गिरी के सानिध्य में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में शिव जागरण टीम के भजन गायकों ने कई भक्ति गीत प्रस्तुत किए। भजन गायक मनोज पांडेय ने “हे भोले शंभु पधारो” और “हर-हर शंभू” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। अभिषेक पांडेय ने “बाबा के शरण में तुम आ कर के तो देखो” भजन प्रस्तुत किया, वहीं शेरु चौहान ने “महादेव शंकर हैं सबसे निराले” भजन से माहौल को भक्तिमय बनाया। गायिका खुशबू ने “शिव शंकर को जिसने पूजा उसका ही उद्धार हुआ” सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु दोनों हाथों से तालियां बजाते हुए झूमते रहे। पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय भोलेनाथ” के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा भगवान शंकर एवं माता पार्वती की मनमोहक झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। इस अवसर पर मुन्ना गिरी, विक्की, राजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस जागरण ने पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।
यहां भी पढ़े:  एसएसबी दे रहा युवाओं को भर्ती पूर्व प्रशिक्षण: सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्र सेवा के लिए तैयार हो रहे युवा - Laxmipur Khurd(Nichlaul) News
Advertisement