कार की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत: ठूठीबारी में आक्रोशित ग्रामीणों ने 6 घंटे जाम किया NH-730S, एएसपी ने संभाला मोर्चा – Thuthibari(Nichlaul) News

0
1

ठूठीबारी थाना क्षेत्र के लोहरौली गांव के पास शनिवार की शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे-730एस जाम कर दिया, जिससे करीब छह घंटे तक यातायात बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, लोहरौली निवासी 55 वर्षीय केदार गौड़ पुत्र तपेसर शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे साइकिल से गड़ौरा बाजार जा रहे थे। गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास पहुंचने पर गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (UP 56 AW 8334) ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि केदार गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की कथित ढिलाई के विरोध में शव को सड़क पर रखकर एनएच-730एस पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे एएसपी सिद्धार्थ कुमार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। एएसपी के आश्वासन के बाद रात करीब 10 बजे परिजनों ने शव को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
Advertisement