पूर्वोत्तर रेलवे PCOM ने नौतनवा स्टेशन का निरीक्षण किया: यात्री सुविधाओं की जांच कर सफाई व फाइल अपडेट रखने के निर्देश दिए – Sonauli(Nautanwa) News

0
3

पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक (PCOM) राजेश कुमार ने आज सुबह अपने विशेष यान सैलून से नौतनवा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं, माल गोदाम, कार्यालयों में मशीनों और अभिलेखों के रखरखाव तथा ट्रेनों के संचालन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पीसीओएम राजेश कुमार ने नौतनवा रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, मालगोदाम, वाणिज्य एवं स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, विश्रामालय, वेटिंग रूम, पार्किंग स्टैंड और टिकट काउंटर सहित विभिन्न स्थलों का गहन मुआयना किया। उन्होंने यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने गुड्स से संबंधित रैक हैंडलिंग व्यवस्था और विभिन्न अभिलेखों की जांच की, प्रविष्टियों को हमेशा अपडेट रखने तथा स्टेशन पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान, यात्रियों ने प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक से नौतनवा से लखनऊ तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग की। उन्होंने लोकल ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं से भी अवगत कराया। राजेश कुमार ने यात्रियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि छिटपुट कमियों को दूर करने के लिए संबंधित जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है। इस अवसर पर सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक मुकेश कुमार, यातायात निरीक्षक उमाकांत सिंह एवं राजीव लोचन मिश्र, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मिर्जा हाशिर बेग, जीएस पुरषोत्तम, सीएस एसपी यादव, स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम, धनंजय चौबे, राकेश कुमार, गौतम अग्रहरि, पायल जायसवाल, टीटीई राहुल यादव और संजय कुमार सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Advertisement