महराजगंज में सदर विधानसभा क्षेत्र के मिठौरा विकास खंड अंतर्गत कसमरिया नहर पर स्थित लंबे समय से क्षतिग्रस्त पुल के नवनिर्माण का कार्य रविवार से शुरू हो गया है। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने विधिवत पूजन-अर्चन कर पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखा गया। यह पुल काफी समय से जर्जर अवस्था में था, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने बताया कि इस पुल के कारण कई बार दुर्घटनाएं हुईं और कुछ लोगों की जान भी चली गई थी। क्षेत्रीय जनता लंबे समय से इसके पुनर्निर्माण की मांग कर रही थी। जनता की मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए विधायक ने शासन स्तर पर पहल की, जिसके बाद पुल के नवनिर्माण की स्वीकृति मिली। विधायक ने कहा कि इस पुल के बनने से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उनका आवागमन सुरक्षित व सुगम हो सकेगा। विधायक कन्नौजिया ने आगे कहा कि यह पुल केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की बहुप्रतीक्षित समस्या का स्थायी समाधान है। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह सरकार गांव-गांव तक सड़क, पुल, बिजली, पानी सहित मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस शिलान्यास कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड प्रथम, सिंचाई विभाग के अवर अभियंता, मंडल अध्यक्ष अशोक पटेल, मंडल महामंत्री राधेश्याम कन्नौजिया, छोटे लाल पटेल, वरिष्ठ नेता राजेंद्र पटेल, राकेश अग्रहरी, मुक्ति नाथ वर्मा, इंद्रजीत वर्मा, गौतम अग्रहरी, दयानंद, गिरिजेश पटेल, संदेश पटेल, हरेंद्र पटेल और अरुण पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विज्ञापन










































