नौतनवा में चल रहे गैस संकट को लेकर भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित एक शिकायती पत्र उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद को सौंपा है, जिसमें तत्काल गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई है। पत्र में जायसवाल ने बताया कि एलपीजी गैस की भारी कमी के कारण जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित एजेंसियां इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। भाजपा नेता ने चेतावनी दी है कि यदि गैस संकट को तुरंत समाप्त नहीं किया गया, तो 18 मार्च से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। जायसवाल ने प्रशासन से गैस आपूर्ति की नियमित निगरानी करने और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इस अवसर पर सत्यम सोनी, सुनील गुप्ता, प्रेम जायसवाल, राजन वर्मा सहित नगर के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विज्ञापन










































