महराजगंज के ठूठीबारी थाना क्षेत्र के सुकरहर में पीले कपड़े ना मिलने पर बेटी ने फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब जानिए पूरा मामला… जानकारी के अनुसार, गांव में आयोजित एक यज्ञ और कलश यात्रा में शामिल होने के लिए किशोरी प्रीति गुप्ता (पुत्री संतोष गुप्ता) अपनी मां से पीले कपड़े दिलाने की जिद कर रही थी। इसी बात पर मां-बेटी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मां ने उसे डांटा और एक थप्पड़ मार दिया। मां की डांट से आहत होकर प्रीति ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगा ली। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर परिजनों ने दरवाजा खोला, तो उसे फंदे से लटका पाया। परिजन उसे आनन-फानन में निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी निचलौल बसंत सिंह सुकरहर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
विज्ञापन










































