भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी का प्रयास विफल: नौतनवॉ में तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागे, बाइक और 10 साइकिलें बरामद – Bargadwa Bazar(Nautanwa) News

0
2

नौतनवॉ में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के एक बड़े प्रयास को सुरक्षा एजेंसियों ने विफल कर दिया है। रविवार तड़के करीब 2 बजे मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 37 बोरी विदेशी मक्का जब्त किया गया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए। सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 505 के पास नेपाल से अवैध सामान माता मंदिर के पास स्थित पुलिया के रास्ते तुर्कहिया गांव की ओर लाया जाएगा। इस जानकारी पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों की टीम ने संदिग्ध स्थान पर विशेष नाका लगाकर घेराबंदी की। लगभग 2:45 बजे, नाका पार्टी जब पुलिया के पास पहुंची, तो उन्होंने देखा कि कुछ लोग एक मोटरसाइकिल और कई साइकिलों पर बोरियों में सामान लेकर आ रहे थे। सुरक्षा बलों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन तस्कर टीम को देखते ही अपनी मोटरसाइकिल और साइकिल मोड़कर भागने लगे। सुरक्षा बलों ने तस्करों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर अपना सामान और वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने घटनास्थल की तलाशी ली, जहां से एक मोटरसाइकिल, 10 साइकिलें और 37 बोरी विदेशी मक्का बरामद हुआ। जब्त किए गए मक्के का कुल वजन लगभग 1850 किलोग्राम है, जिसमें प्रत्येक बोरी में लगभग 50 किलोग्राम मक्का था। इस संबंध में एसएसबी सहायक कमांडेंट प्रिय यादव ने बताया कि बरामद की गई एक मोटरसाइकिल, दस साइकिलें और 37 बोरी विदेशी मक्का अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय को सौंप दिया गया है।
विज्ञापन