सिसवा के चैनपुर में बिजली बिल राहत शिविर आयोजित: उपभोक्ताओं को छूट और किस्तों की दी गई जानकारी – Siswa(Maharajganj) News

9
Advertisement

सिसवा उपकेंद्र के विद्युत विभाग ने सोमवार को चैनपुर ग्रामसभा में ‘बिजली बिल राहत योजना 2025’ शिविर का आयोजन किया। इस दौरान अवर अभियंता सुजीत कुमार चौरसिया ने उपभोक्ताओं को योजना की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में 15 उपभोक्ताओं ने अपने बकाया बिलों के लगभग 2 लाख रुपए जमा किए। जेई चौरसिया ने उपभोक्ताओं को योजना के तहत मिलने वाली छूट की श्रेणियों, बिल समायोजन प्रक्रिया और बकाया किस्तों की सुविधा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना का लाभ केवल 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को ही मिलेगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को बकाया राशि पर शुल्क और सरचार्ज में भारी छूट के साथ-साथ किस्त सुविधा का भी लाभ मिलेगा। जेई चौरसिया ने लोगों से अपील की कि वे योजना का लाभ उठाने में देरी न करें और अपने बिलों का निस्तारण निर्धारित समय पर करवाएं। इस शिविर में सैकड़ों बिजली उपभोक्ताओं ने भाग लिया और योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की। इस दौरान लाइनमैन शिवनाथ, अजय, भग्गन, दयासागर, बबलू और पीयूष पांडेय सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
Advertisement