महाराजगंज कस्बे में भागवत कथा का शुभारंभ:कलश यात्रा के साथ भक्तिमय हुआ पूरा कस्बा

0
4

बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महाराजगंज कस्बे में गुरुवार को संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ, जिसने पूरे कस्बे को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया। कलश यात्रा नारायणपुर तिवारी स्थित प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर से विधि-विधान पूर्वक शुरू हुई। आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। यह यात्रा मरवटिया तिवारी स्थित नाथ मंदिर से होते हुए कथा स्थल पर पहुँची, जहाँ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा में महाराजगंज कस्बे के व्यापारी वर्ग, महिलाएँ, पुरुष और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। श्रद्धालु भक्तों द्वारा “जय श्रीकृष्ण”, “हरि बोल” और “राधे-राधे” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। आयोजक भगवती कसौधन ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन अयोध्या धाम के कथा व्यास द्वारा संगीतमय प्रवचन के माध्यम से कथा रस का अमृतपान कराया जाएगा। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। कथा के शुभारंभ से पूर्व पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखा गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन से कस्बे में मेले जैसा दृश्य बना रहा, जो इस आयोजन के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाता है।

Advertisement