बस्ती में साइबर अपराधियों ने डिलीवरी से जुड़ी जानकारी का सहारा लेकर एक किसान के बैंक खाते से 1 लाख 51 हजार 800 रुपये निकाल लिए। ठगों ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर ग्रामीण दुर्गेश कुमार मौर्य को जाल में फंसाया। गायघाट निवासी दुर्गेश कुमार मौर्य ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। फोन करने वाले ने उनकी पत्नी की डिलीवरी के संबंध में जानकारी मांगी और विश्वास दिलाने के लिए बातचीत के दौरान गांव की आशा बहू को भी कॉन्फ्रेंस कॉल पर जोड़ लिया। आशा बहू की मौजूदगी से दुर्गेश को लगा कि कॉल किसी सरकारी विभाग से की जा रही है। इसी भरोसे में आकर उन्होंने कॉल करने वाले के कहने पर अपने एटीएम कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा कर दी। कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से बड़ी रकम कटने के मैसेज आने लगे। घबराकर दुर्गेश तत्काल बैंक पहुंचे, जहां जांच के बाद पता चला कि उनके खाते से कुल 1 लाख 51 हजार 800 रुपये की निकासी हो चुकी है। पीड़ित ने मामले की जानकारी साइबर क्राइम नगर थाने में दी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।











































