नौतनवा में एफआईआर के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं: अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया, किया प्रदर्शन – Nautanwa(Nautanwa) News

6
Advertisement

महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में एक मामले में आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया और तहसील गेट पर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को संबोधित एक पत्र उपजिलाधिकारी को सौंपा। यूनुस नामक व्यक्ति ने अपने पत्र में बताया कि बीते 23 दिसंबर को धारा 137(2) व 61(2) बीएनएस के तहत एक एफआईआर दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि इस मामले में दोषी मुलजिम की गिरफ्तारी अभी तक नहीं की गई है। यूनुस के अनुसार, कई बार उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाने के बावजूद स्थानीय पुलिस कार्रवाई करने में टालमटोल कर रही है। इस स्थिति को लेकर अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश है। अधिवक्ता पूर्व अध्यक्ष गिरीश चंद्र त्रिपाठी, विभूति यादव, शमसुद्दीन खान, संतोष पांडे, रियाज अहमद, लल्लन अंसारी, मैनुद्दीन अंसारी, आशीष श्रीवास्तव, प्रभाकर विश्वकर्मा और कमलेश गौंड ने बताया कि उन्होंने आज न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो अधिवक्ता संघ अपना आंदोलन तेज करने को विवश होगा। इस संबंध में नौतनवा थाना अध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने जानकारी दी कि मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement