श्रावस्ती में इंडो-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा को सुरक्षित और नियंत्रित बनाए रखने के लिए श्रावस्ती पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) अलर्ट पर हैं। सीमा क्षेत्र में एक व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम के नेतृत्व में थाना सिरसिया पुलिस और एसएसबी बल ने सुईया बॉर्डर पर पेट्रोलिंग कर सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीमावर्ती मार्गों, संवेदनशील स्थलों और आवागमन बिंदुओं पर सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। सीमा क्षेत्र में अवैध आवागमन, तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से थाना सिरसिया और थाना मल्हीपुर ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। थाना सिरसिया ने 259 वाहनों की जांच की, जिसमें 101 वाहनों पर चालान किया गया और 2,28,000 रुपए का समन शुल्क किया गया। इस दौरान एक वाहन को सीज भी किया गया। इसी अभियान के तहत थाना मल्हीपुर ने 413 वाहनों की जांच की, जिसमें 59 वाहनों पर चालान लगाया गया और 1,08,000 रुपए का समन शुल्क किया गया। कुल मिलाकर, 672 वाहनों की जांच के दौरान 160 वाहनों पर चालान किया गया और एक वाहन सीज किया गया। सीमा क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए चौकी प्रभारी बाबा विभूति नाथ मंदिर के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी बल ने ग्राम मेढकिया में फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान ग्रामीणों से बात कर उन्हें सतर्कता बनाये रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की । अपर पुलिस अधीक्षक ने सीमा पर तैनात पुलिस और एसएसबी कर्मियों को सतर्क रहने, अवैध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और जवानों से आपसी समन्वय और सक्रिय निगरानी के जरिए सीमा को पूरी तरह सुरक्षित बनाए रखने को प्राथमिकता बताया। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में इंडो-नेपाल सीमा पर पुलिस और SSB अलर्ट:संयुक्त पेट्रोलिंग और संदिग्धों...










































