बार कौंसिल चुनाव में मतदान नहीं:अधिवक्ता पर हमले से नाराज वकीलों ने किया बहिष्कार

3
Advertisement

बलरामपुर में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू नहीं हो सका। अधिवक्ता सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव और उनके परिजनों पर हुए हमले के विरोध में वकीलों ने मतदान का बहिष्कार किया। यह मतदान दो दिवसीय होना था, जिसमें लगभग 2100 मतदाताओं को हिस्सा लेना था। मतदान के लिए जिला मुख्यालय स्थित दीवानी न्यायालय गेट से लेकर बूथ तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिला मुख्यालय पर दीवानी न्यायालय के कोर्ट नंबर छह, उतरौला के वाह्य न्यायालय और तुलसीपुर के ग्राम न्यायालय में एक-एक बूथ स्थापित किए गए थे।सीओ सिटी ज्योतिश्री ने दीवानी न्यायालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिला मुख्यालय पर अपर सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार तृतीय को निर्वाचन अधिकारी नामित किया गया है, जहां करीब 1700 मतदाता हैं। उतरौला में सिविल जज जूनियर डिवीजन/न्यायिक मजिस्ट्रेट योगेश कुमार चौधरी चुनाव अधिकारी हैं, यहां 280 मतदाता हैं। ग्राम न्यायालय तुलसीपुर में न्यायिक अधिकारी आस्था सिंह को चुनाव अधिकारी नामित किया गया है।वकीलों के बहिष्कार के कारण शुक्रवार को तीनों तहसीलों में पूरे दिन मतदान नहीं हुआ। अब शनिवार को मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह, महामंत्री केजी श्रीवास्तव, कलेक्ट्रेट बार अध्यक्ष रमेश चंद्र त्रिपाठी, महामंत्री कमलेश्वर सिंह और युवा बार संघ अध्यक्ष अनिल कुमार शुक्ल ने बताया कि संबंधित मामले में कार्रवाई होने के बाद ही वकील मतदान में हिस्सा लेंगे।
Advertisement