महिला ने पति-ससुराल पर लगाया दहेज उत्पीड़न, मारपीट का आरोप:एसपी से शिकायत कर दर्ज कराया मुकदमा

4
Advertisement

श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती के हरदत्तनगर गिरण्ट थाना क्षेत्र की सुजानडीह निवासी सायदा ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। सायदा ने उन पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। सायदा के अनुसार, उनका विवाह लगभग तीन वर्ष पहले बहराइच जनपद के रिसिया थाना क्षेत्र स्थित कमला निवासी अरमान पुत्र मुशर्रफ अली से हुआ था। शादी के बाद से ही पति अरमान, ससुर मुशर्रफ अली, सास फूलजहां, देवर फरमान और ननद कन्ना द्वारा अतिरिक्त दहेज में चारपहिया वाहन और सोने की चेन की मांग की जा रही थी। दहेज की मांग पूरी न होने पर सायदा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। सायदा ने आरोप लगाया कि 30 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब दो बजे सभी आरोपियों ने मिलकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और लात-घूंसे व थप्पड़ों से मारपीट की। इसके बाद पति अरमान उसे जबरन मायके छोड़कर चला गया। सायदा का एक पुत्र अनाश है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति अरमान ने गैर-कानूनी तरीके से किसी अन्य महिला से दूसरा विवाह कर लिया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय श्रावस्ती में जनशिकायत दर्ज की गई है। आदेश पुस्तिका संख्या 132, दिनांक 02 दिसंबर 2025 के अनुसार, प्रकरण को परिवार परामर्श केंद्र भेजा गया है। इसमें दोनों पक्षों को मध्यस्थता के लिए बुलाने और विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित थाना प्रभारी को भी अभियोग पंजीकृत करने के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल, मामले की जांच और आगे की कार्रवाई पुलिस स्तर पर जारी है।

यहां भी पढ़े:  बस्ती में महिला से रेप का आरोपी गिरफ्तार:रात में घर में घुसकर की वारदात, धमकी देकर हुआ था फरार
Advertisement