निचलौल में बुजुर्ग का शव मिला: बेटी के घर जा रहा था, पुलिस ने जांच शुरू की – Bahuar(Nichlaul) News

7
Advertisement

निचलौल थानाक्षेत्र की बहुआर चौकी के अंतर्गत शुक्रवार शाम बहुआर-कनमिसवा मार्ग पर एक बुजुर्ग का शव मिला। रॉयल माउंट स्कूल के पास सड़क किनारे शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बिपत प्रसाद भारती (70) के रूप में हुई है, जो निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम रूद्रौली का निवासी था। उसके हाथ में एक झोला था और दाहिने हाथ पर गोदना से ‘बिपत प्रसाद’ लिखा हुआ था। बिपत प्रसाद भारती नेपाल राष्ट्र के महलबारी स्थित अपनी बेटी के घर पैदल जा रहे थे। वह सुबह करीब 11 बजे अपने घर से निकले थे। आशंका है कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। निचलौल के एसओ अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि बुजुर्ग का शव सड़क किनारे मिला है और उसकी पहचान हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Advertisement