
महाराजगंज जनपद के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर रेंज अंतर्गत अचलगढ़ बीट के जंगल में वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देर शाम हुई इस कार्रवाई में दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ वनाधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। डिप्टी रेंजर आलोक मिश्रा बुधवार शाम को वनकर्मियों के साथ नियमित गश्त पर थे। गश्त के दौरान उन्हें अचलगढ़ बीट के अंदरूनी हिस्से से कुछ लोगों की आवाजें सुनाई दीं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए वन टीम ने चुपचाप घेराबंदी की। मौके पर कुछ लोग साखू के पेड़ काटकर उसके बोटा बना रहे थे। वनकर्मियों को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम की सतर्कता के कारण दो लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान वन विभाग की टीम ने साखू की पाँच बोटा लकड़ी, एक बाइक और एक कुल्हाड़ी (फेंट) बरामद की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सहवाज और सफी मोहम्मद के रूप में हुई है, जो बहोरपुर गांव के निवासी हैं। लक्ष्मीपुर के एसडीओ सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को वनाधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध कटान के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





































