महराजगंज में अधिकारियों ने मिनी बाबा धाम में किया जलाभिषेक: महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा – Thuthibari(Nichlaul) News

1
Advertisement

महाराजगंज के ठूठीबारी स्थित मिनी बाबा धाम के नाम से प्रसिद्ध पंचमुखी इटहिया धाम में महाशिवरात्रि पर्व पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। रविवार भोर से ही मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। महाशिवरात्रि का पावन पर्व रविवार को मनाया गया, जो शिव आराधना और आत्मशक्ति का प्रतीक है। निचलौल का इटहिया शिवलिंग ‘मिनी बैजनाथ धाम’ के रूप में विख्यात है। यह प्राचीन स्वयंभू शिवलिंग भारत के साथ-साथ नेपाल और बिहार के श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था का प्रमुख केंद्र है। सावन और शिवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु अभिषेक के लिए पहुंचते हैं। मंदिर प्रशासन द्वारा परिसर की साफ-सफाई और सजावट का कार्य तेजी से पूरा किया गया। मंदिर मार्ग पर रोशनी के इंतजामों की भी जांच की गई और आने-जाने वाले रास्तों के गड्ढों को भरवाया गया। रविवार ब्रह्म मुहूर्त से ही जलाभिषेक का क्रम शुरू हो गया था। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने महाशिवरात्रि के मद्देनजर इटहिया पंचमुखी महादेव शिव मंदिर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और बैरिकेडिंग का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अत्यधिक भीड़ एकत्रित होने की स्थिति में पुलिस व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। मेले में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 47 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, और कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए। इसके अतिरिक्त, मेले में लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित रखने, मूल्य दरों को समान रखने और खाने-पीने के सामानों की जांच व निगरानी के साथ-साथ साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
यहां भी पढ़े:  दहेज उत्पीड़न के आरोपी का घर कुर्क:गौर थाना क्षेत्र के सुजिया गांव का मामला
Advertisement