पनियरा में स्कूटी-बाइक में भिड़ंत, एक की मौत: हादसे में एक की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर – Paniyara(Maharajganj) News

1
Advertisement

पनियरा थाना क्षेत्र के बभनौली तिराहे पर सोमवार शाम स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में एक महिला और उसकी बच्ची को भी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के मुहम्मदा निवासी 60 वर्षीय मार्कण्डेय प्रसाद अपनी बेटी रीतू और उसकी बच्ची के साथ पनियरा थाना क्षेत्र के रानीपुर से अपने घर लौट रहे थे। बभनौली तिराहे के पास उनकी स्कूटी की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। बाइक सवार की पहचान ग्राम पंचायत बैजूडेहरा निवासी 25 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार मार्कण्डेय प्रसाद, बाइक सवार सूरज, महिला रीतू और बच्ची सभी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस बुलाकर गंभीर रूप से घायल मार्कण्डेय प्रसाद और सूरज को पीएचसी पनियरा पहुंचाया। महिला रीतू और उसकी बच्ची को मामूली चोटें आने के कारण पास के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। पीएचसी पनियरा में चिकित्सकों ने जांच के बाद मार्कण्डेय प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूरज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Advertisement