महाराजगंज में मंत्री राजभर के काफिले को काला झंडा दिखाया: युवक हिरासत में, पुलिस पूछताछ में जुटी – Maharajganj News

0
1

महाराजगंज जिला मुख्यालय परिसर में आयोजित सामाजिक समरसता महारैली के दौरान सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के काफिले के सामने एक युवक ने काला झंडा लहरा दिया। घटना के बाद पुलिस ने युवक को तत्काल हिरासत में ले लिया। यह घटना सोमवार को दोपहर करीब पौने दो बजे हुई, जब मंत्री ओमप्रकाश राजभर का काफिला महारैली में शामिल होने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रहा था। कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच से लाल रंग की शर्ट पहने एक युवक अचानक आगे आया और काफिले के सामने काला झंडा लहराने लगा। इस अचानक हुई घटना से मौके पर मौजूद लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को तुरंत पकड़ लिया। उसे पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ ले गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर सनसनी का माहौल रहा। पुलिस फिलहाल युवक से पूछताछ कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने काला झंडा क्यों लहराया और उसकी मंशा क्या थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विज्ञापन 2