बहराइच में नारी शक्ति जागरण कार्यक्रम आयोजित: सप्त शक्ति के स्वरूपों का सजीव प्रदर्शन कर मातृशक्ति का महत्व बताया गया – Shivpur(Bahraich) News

6
Advertisement

बहराइच के शिवपुर ब्लॉक क्षेत्र के बेहड़ा गांव स्थित सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर में मंगलवार को नारी शक्ति जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य नारी शक्ति को जागृत करना और समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करना था। कार्यक्रम में नारी के सप्त शक्ति स्वरूपों का सजीव प्रदर्शन कर मातृशक्ति के महत्व को रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि “जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है।” उन्होंने महिलाओं को अपनी शक्ति, दायित्व और गरिमा को पहचानने का संदेश दिया। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की गई। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। कक्षा 9 की छात्रा संध्या सिंह ने स्वागत गीत और कक्षा 11 की छात्रा रोहणी वर्मा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाली सात महिलाओं को विद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया। मुख्य वक्ता शिवपुर की खंड विकास अधिकारी अनुष्का श्रीवास्तव ने “तेरे वजूद को समय की तलाश है…” गीत के माध्यम से नारी आत्मबल पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नारी में सप्त शक्तियां विद्यमान होती हैं। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने अवधी भाषा में महिलाओं को संबोधित करते हुए शालीनता को सफलता की कुंजी और सम्मान को तरक्की का आधार बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बेहड़ा की वार्डन रेखा तिवारी ने की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक घनश्याम सिंह चौहान, उग्रसेन सिंह (बंधु), दिवाकांत अवस्थी, प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।
Advertisement