श्रावस्ती जिले की जमुनहा तहसील में कीटनाशक दवाओं की बिक्री में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। एक किसान ने आरोप लगाया है कि उसे खेत में इस्तेमाल के लिए एक्सपायरी कीटनाशक दवा बेची गई। किसान ने इस संबंध में प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकारी चौड़ा ग्राम पंचायत के मजरा गुरवा निवासी प्रहलाद यादव पुत्र सीताराम यादव ने बताया कि उन्होंने मल्हीपुर चौराहे पर स्थित एक कीटनाशक दुकान से घास नष्ट करने वाली दवा खरीदी थी। बाद में पता चला कि दवा की समय सीमा समाप्त हो चुकी थी। प्रहलाद यादव के अनुसार, वह पढ़े-लिखे नहीं हैं और इसी का फायदा उठाकर दुकानदार ने उन्हें एक्सपायरी दवा थमा दी, जिसके पूरे पैसे भी वसूल लिए गए। जब उन्होंने दवा किसी जानकार को दिखाई, तब उसकी अवधि समाप्त होने की जानकारी मिली। किसान का कहना है कि एक्सपायरी दवा के इस्तेमाल से फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके साथ ही, ऐसी दवाओं से किसानों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इस मामले में प्रहलाद यादव ने उप जिलाधिकारी जमुनहा को एक प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने कीटनाशक दुकान की जांच कराने और दोषी दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। यादव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई दुकानदार किसानों को गुमराह कर एक्सपायरी दवाएं बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से कीटनाशक दुकानों का नियमित निरीक्षण कराने की मांग की है, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी पर रोक लगाई जा सके।






































