लालगंज थाना क्षेत्र के पाकडडाड बाजार में एक दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। दुकान बंद होने के लगभग आधे घंटे बाद हुई इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग की जानकारी दुकान के बगल में चाय की दुकान चलाने वाले अर्जुन को हुई। दुकान का संचालन खुशी पांडे करती हैं, जिसे शाम को उनके पिता बंद करते हैं। आग में बाल सेट करने वाला ब्लोअर, हेडिंग मशीन, रोलिंग स्टेट रॉड, डंपी, बैक सीटर, ब्राइडल ज्वेलरी, मेकअप का सामान, लहंगे, मसाज मशीन, सिलाई मशीन, इनवर्टर, बैटरी और ब्यूटी पार्लर के कॉस्मेटिक उत्पाद सहित लगभग 5 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। यह दुकान दुर्गेश पांडे की पुत्री खुशी पांडे (22 वर्ष) की थी, जो पकडडाड निवासी हैं। स्थानीय निवासियों महेंद्र पांडे, अर्जुन कुमार, अरविंद कुमार, सुनील, विनय पांडे, दुर्गेश, सनी, अनीस अग्रहरि, शहादत अंसारी, मनीष पांडे और शाहिद सहित कई लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। अरविंद पांडे ने फायर ब्रिगेड को 100/112 नंबर पर फोन कर सूचना दी। हालांकि, सूचना मिलने के बावजूद फायर विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इस कारण दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। पुलिस की डायल 112 टीम घटना स्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आग से हुए नुकसान को रोका नहीं जा सका था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो इतनी बड़ी घटना को टाला जा सकता था। उन्होंने फायर विभाग की लापरवाही को इस बड़े नुकसान का मुख्य कारण बताया।






































