खुद के अपहरण की साजिश रचने वाला युवक बरामद:श्रावस्ती पुलिस ने सतर्कता से सुलझाया मामला, परिजनों को सौंपा

5
Advertisement

श्रावस्ती पुलिस ने खुद के अपहरण की साजिश रचने वाले एक व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया है। मल्हीपुर थाना पुलिस ने सतर्कता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गुमशुदा राजू को उसके परिजनों को सौंप दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम और क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में तथा थानाध्यक्ष मल्हीपुर अंकुर वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। गुमशुदगी संख्या 38/2025 से संबंधित राजू पुत्र निसार, निवासी मोहनलाल पुरवा, थाना हरदत्तनगर गिरंट को 16 दिसंबर 2025 को बहराइच बस स्टैंड क्षेत्र से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, राजू अपने भाई मोहम्मद शरीफ के साथ मल्हीपुर-बाबागंज मार्ग पर स्थित नूरी चौराहा, थाना नवाबगंज (बहराइच) में चाय-समोसे की दुकान चलाता है। 11 दिसंबर को वह ससुराल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। उसी शाम उसकी मोटरसाइकिल साइफन पुल के पास जंगल क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली और उसका मोबाइल फोन भी बंद था। इसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच और पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि राजू पर गांव के कुछ लोगों का ब्याज का कर्ज था। इस दबाव से बचने के लिए उसने अपने अपहरण की झूठी साजिश रची। वह अपनी मोटरसाइकिल एक सुनसान जगह छोड़कर पहले दिल्ली और फिर मुंबई चला गया था। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और अपने सूचना तंत्र का उपयोग करते हुए राजू का पता लगाया और उसे सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद राजू को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। इस बरामदगी टीम में उपनिरीक्षक धर्मराज यादव, हेड कांस्टेबल अदालत यादव और हेड कांस्टेबल राम कुमार सिंह शामिल थे।

Advertisement