प्रत्याशी ने प्रधान पर भेदभाव का आरोप लगाया:भैरमपुर पंचायत में विकास कार्यों में अनदेखी, ग्रामीणों को सुविधा नहीं

7
Advertisement

भैरमपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगा है। प्रधान पद के संभावित प्रत्याशी तसलीम खान ने वर्तमान ग्राम प्रधान पर यह आरोप लगाया है। खान का कहना है कि गांव के मजरे पुरवों में अपेक्षित विकास कार्य नहीं कराए गए, जिसके कारण वहां के ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। तसलीम खान ने बताया कि मजरे पुरवों में सड़क, नाली, खड़ंजा जैसी मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्य केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक ही सीमित रखे गए, जबकि पंचायत के सभी हिस्सों का समान विकास होना चाहिए था। तसलीम खान ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि आगामी पंचायत चुनाव में उन्हें अवसर मिलता है, तो वे बिना किसी भेदभाव के गांव के हर टोले और मजरे में विकास योजनाओं को लागू करेंगे। उन्होंने पारदर्शिता और समान विकास को अपनी प्राथमिकता बताया। वहीं, मौजूदा ग्राम प्रधान संतोष कुमार ने इन आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि सभी पुरवों और मजरों में एक समान विकास कार्य कराए गए हैं।
Advertisement