
श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सभा अकारा में रविवार रात करीब 10:30 बजे भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में कृतराज गुप्ता नामक टेंट व्यवसायी का लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयावह थी कि उसने पास के एक घर में रखे अन्य सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार, कृतराज गुप्ता ने टेंट का यह सामान लोन पर लिया था। इसमें कुर्सियां, मैटी लाइट, बिजली के तार, बल्ब, हैलोजन, रजाई और गद्दे जैसी सामग्री शामिल थी। आग से टेंट का सारा सामान नष्ट हो गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। जिस घर में टेंट का सामान रखा था, वह राजेश तिवारी का बताया जा रहा है। आग की चपेट में आने से उनके घर में रखा दाल, गेहूं, चावल सहित घरेलू उपयोग का सारा सामान भी जल गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में हैं। उन्होंने प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि हुए नुकसान की भरपाई हो सके और वे दोबारा सामान्य जीवन जी सकें। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अपील की है कि पीड़ितों को आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा दिया जाए, जिससे उन्हें इस मुश्किल समय में राहत मिल सके।
गिलौला में भीषण आग, टेंट व्यवसायी का लाखों का सामान:लोन पर लिया टेंट का सामान और घर का राशन भी जला
Advertisement








































