सोनौली सीमा पर नेपाली नागरिक गिरफ्तार: महराजगंज में 39 नशीले इंजेक्शन बरामद, भारत से नेपाल ले जा रहा था – Maharajganj News

2
Advertisement

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के अभियान के तहत सोनौली पुलिस और एसएसबी को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार शाम संयुक्त टीम ने सोनौली कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर गांव में एक नेपाली युवक को प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया। युवक भारत से नेपाल जा रहा था। एसएसबी 22वीं वाहिनी भगवानपुर के इंस्पेक्टर अरुण पांडेय और भगवानपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र की पगडंडियों पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल की ओर जा रही नेपाली नंबर की बाइक पर सवार एक युवक पर संदेह हुआ। टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से 39 पीस प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। इनमें फेनेरगन और बुप्रेनॉर्फिन शामिल हैं। युवक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अंकित गुरुङ बताया, जो नेपाल के भैरहवा स्थित बुद्ध चौक का निवासी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अंकित गुरुङ इन नशीले इंजेक्शनों को भारत से नेपाल ले जाकर अवैध रूप से बेचने की फिराक में था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। कोतवाली प्रभारी सोनौली महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार नेपाली नागरिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और एसएसबी की इस संयुक्त कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
Advertisement