रूधौली तहसील क्षेत्र में शनिवार को घने कोहरे और शीतलहर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और वाहनों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन धीमी गति से रेंगते नजर आए। चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। दृश्यता कम होने से कई स्थानों पर यातायात बाधित रहा। लोग ठंड से बचने के लिए घरों में दुबके रहे और अलाव का सहारा लेते दिखे। ठंड के बढ़ते असर से दैनिक कामकाज पर भी असर पड़ा है। पिछले कई दिनों से धूप निकलने के कारण लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली थी। हालांकि, शनिवार को अचानक घने कोहरे और शीतलहर के प्रकोप ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।





































