काजल यादव ने जैवलिन थ्रो में जीता कांस्य पदक:बस्ती मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हासिल की उपलब्धि

3
Advertisement

अयोध्या के डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, डाभा सेमर में चल रही प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बस्ती मंडल का प्रतिनिधित्व कर रही काजल यादव ने सीनियर बालिका वर्ग की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से उन्होंने क्षेत्र का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता के समापन पर अयोध्या की जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। काजल यादव हरैया स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा हैं। काजल की इस सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद वर्मा और खेल शिक्षक अमरनाथ मौर्या ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि काजल जैवलिन थ्रो में एक उभरती हुई खिलाड़ी हैं और उनमें काफी संभावनाएं हैं। वर्तमान में काजल यादव परिवारपुर स्थित एस.एस. स्पोर्ट्स एकेडमी में जैवलिन थ्रो का प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर कोच सुनील सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप जायसवाल और जिला खो-खो संघ के सचिव राम सिंह सहित कई खेल प्रेमियों ने भी प्रसन्नता जाहिर की है।

Advertisement