बस्ती में जल जीवन मिशन का नलकूप बेपानी:करोड़ों खर्च के बाद भी पांच साल से घरों तक नहीं पहुंचा पानी

3
Advertisement

बस्ती जिले के साऊघाट विकास खंड में जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर लगाया गया नलकूप पांच साल बाद भी बेपानी है। ग्रामीणों के घरों तक स्वच्छ पेयजल नहीं पहुंच रहा है, जिससे योजना की सफलता पर सवाल उठ रहे हैं। यह परियोजना साऊघाट के मुड़ाडिहा ग्राम पंचायत के उदयपुर टोले पर स्थित है। गांव के पश्चिम दिशा में पंप लगाकर ओवरहेड टैंक बनाया गया था। पांच वर्ष पहले ही घरों तक स्वच्छ जल पहुंचाने का कार्य पूरा हो चुका था। मुड़ाडिहा ग्राम पंचायत के सभी मजरों और कुसम्हा चौराहे तक पाइपलाइन भी बिछाई गई है। हालांकि, पाइपलाइन बिछाने के बावजूद पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि नलकूप एक-दो बार चालू हुआ था, लेकिन जगह-जगह लीकेज के कारण पानी की सप्लाई बाधित हो गई और तब से यह बंद पड़ा है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी संबंधित विभाग के अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं है। ग्रामीणों ने अपनी समस्या साझा करते हुए बताया कि स्वच्छ जल पीने का उनका सपना अधूरा रह गया है। गांव निवासी हुसैन ने बताया कि तीन-चार वर्ष पहले यह चालू हुआ था, लेकिन लीकेज के कारण बंद कर दिया गया। रामप्रसाद का कहना है कि कर्मचारी और अधिकारी आते हैं तो कहते हैं कि पाइप फिर से डालना पड़ेगा। बालकृष्ण कुमार ने भी पुष्टि की कि चार वर्ष पहले चला था, लेकिन तब से बंद है। इस विषय पर जब अधिशासी अभियंता योगेंद्र प्रसाद से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि समस्या का जल्द ही समाधान करा दिया जाएगा।

Advertisement