बस्ती के थाना नगर क्षेत्र स्थित रानीपुर गौशाला में कथित गलत इलाज के कारण पांच गोवंशों की मौत हो गई। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया। गौशाला संचालिका विद्या सिंह ने पशु चिकित्सक और फार्मासिस्ट पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाना नगर में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। विद्या सिंह ने बताया कि उनका परिवार वर्षों से गौ सेवा कर रहा है और उनके गौशाला में कुल 16 गोवंश हैं। 15 जनवरी 2026 को गौशाला में एक गाय की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इलाज के लिए मरवटिया में तैनात पशु चिकित्सक को सूचना दी गई, लेकिन आरोप है कि वह मौके पर नहीं पहुंचे। संचालिका के अनुसार, चिकित्सक ने फार्मासिस्ट प्रमोद कुमार के माध्यम से दवाएं भिजवाईं और मिश्रित इंजेक्शन लगवाया गया। गलत दवा और उपचार के बाद सभी गोवंशों की हालत बिगड़ गई, जिनमें से पांच की मौत हो गई, जबकि शेष की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से लगभग पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। विद्या सिंह ने दोनों आरोपियों का लाइसेंस रद्द करने, मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम कराने और क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने पर एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान और एसडीएम सदर शत्रुघ्न पाठक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) अरुण गुप्ता ने बताया कि वह स्वयं मौके पर मौजूद हैं और मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Home उत्तर प्रदेश बस्ती की गौशाला में पांच गोवंशों की मौत:पशु चिकित्सक-फार्मासिस्ट पर लापरवाही का...






































