189 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे:तुलसीपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजन

4
Advertisement

तुलसीपुर तहसील के एमडीएस रॉयल रिजॉर्ट में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 189 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने सभी के सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विवाह आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन, मंडप/मंच व्यवस्था, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण किया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कई नवविवाहित जोड़ों और उनके परिवारजनों से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना है, जिससे उन्हें अनावश्यक खर्च से राहत मिलती है और सरकारी सहायता प्राप्त होती है। इस योजना के तहत प्रति युगल कुल ₹1,00,000/- की सहायता/व्यय की व्यवस्था की गई है। इसमें ₹60,000/- की धनराशि सीधे कन्या के बैंक खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है। इसके अतिरिक्त, ₹25,000/- का उपहार या गृहस्थी सामग्री प्रदान की जाती है, और ₹15,000/- विवाह आयोजन व अन्य व्यवस्थाओं (जैसे मंडप और भोजन) पर खर्च किए जाते हैं।
Advertisement