खिचड़ी मेले के तीसरे दिन उमड़ी भीड़: महराजगंज में एनएसएस व एनसीसी कैडेटों ने निभाई अहम भूमिका – Sekhui(Nichlaul) News

4
Advertisement

चौक नगर पंचायत स्थित प्राचीन गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक खिचड़ी मेला तीसरे दिन भी जारी रहा। सुबह से देर शाम तक बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने गुरु गोरक्षनाथ जी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मेला क्षेत्र में दिनभर चहल-पहल बनी रही। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के इलाकों तक भक्तों की आवाजाही जारी रही। जयकारों और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों ने भी मेले का आनंद लिया। मेले में लगे झूले, खिलौनों और घरेलू उपयोग की दुकानों पर दिनभर भीड़ देखी गई। बच्चों ने झूलों का लुत्फ उठाया, वहीं महिलाओं ने खरीदारी की। खान-पान के स्टॉलों पर खिचड़ी, चूड़ा-दही, चाट और मिठाइयों की दुकानों पर भी लंबी कतारें लगी रहीं। मेले के सफल आयोजन में गोरक्षपीठाधीश्वर महन्त अवेद्यनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चौक बाजार के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेटों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ‘समर्पण की सेवा’ भाव के साथ मेला परिसर, मंदिर प्रांगण और छावनी क्षेत्र में प्रसाद बनवाने से लेकर उसके वितरण तक अपनी सेवाएं दीं। पिछले तीन दिनों से ये स्वयंसेवक हजारों श्रद्धालुओं को खिचड़ी का प्रसाद वितरित करने में जुटे रहे। कॉलेज प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि किसी भी श्रद्धालु को दर्शन और खिचड़ी चढ़ाने में असुविधा न हो, जिसका स्वयंसेवकों ने तत्परता से पालन किया। नगर पंचायत प्रशासन ने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय की बेहतर व्यवस्था की थी। सुरक्षा के लिए पुलिस बल और स्वयंसेवक तैनात रहे। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा शिविर में निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया, जबकि खोया-पाया केंद्र भी सक्रिय रहा।
यहां भी पढ़े:  मनवरिया भोजा में विकास कार्यों पर सवाल:ग्रामीणों का आरोप, कागजों पर काम; सड़कों पर बह रहा गंदा पानी
Advertisement