खड़खोड़ा में अवैध अफीम पोस्ता के पेड़ नष्ट: नारकोटिक्स ब्यूरो निरीक्षक की देखरेख में हुई कार्रवाई, 520 फल जब्त – Brijmanganj(Maharajganj) News

0
1

बृजमनगंज: खड़खोड़ा ग्राम सभा में मंगलवार दोपहर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के निरीक्षक महेश प्रसाद की देखरेख में अवैध अफीम पोस्ता के पौधों और डोडा फल को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई। इस मामले में आरोपी रामनरेश को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। नशा निवारण केंद्र के विशेष न्यायाधीश संजय मिश्रा ने अवैध अफीम को नष्ट करने के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की थी। इस टीम में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निरीक्षक महेश प्रसाद के साथ औषधि निरीक्षक नवीन कुमार और राजस्व विभाग के अधिकारी महेश शर्मा शामिल थे। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए पौधों और डोडा फल की गिनती की गई। इसके बाद उनका वजन कराया गया, जो कुल आठ किलो तीन सौ ग्राम पाया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। अफीम की अवैध खेती का यह मामला बृजमनगंज पुलिस ने शनिवार को खड़खोड़ा ग्राम सभा में उजागर किया था। पुलिस ने खेत से करीब 450 अफीम के पौधे और उनमें लगे लगभग 520 फल जब्त किए थे। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था और खेत की निगरानी के लिए पुलिस टीम तैनात की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कुछ दिन पहले नेपाल के नवलपरासी जिले में अपने एक रिश्तेदार के यहां से लाकर इन पौधों को अपने खेत में लगाया था।
विज्ञापन 2