महराजगंज में गैस एजेंसी पर मारपीट: बुकिंग को लेकर उपभोक्ता और कर्मचारियों में विवाद, 14 हिरासत में – Maharajganj News

0
4

महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र में जोगिया मोड़ स्थित एचपी गैस एजेंसी पर मंगलवार को उपभोक्ता और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। गैस बुकिंग को लेकर शुरू हुई कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि एजेंसी कर्मचारियों ने बांस और बल्ली से एक उपभोक्ता की पिटाई कर दी। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों में भी आक्रोश फैल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। हालांकि, कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि थाने के अंदर भी मारपीट हुई, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाने के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक होने पर सच्चाई सामने आ सकती है। थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया- गैस बुकिंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। जो मारपीट में बदल गया। गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया है। शांति भंग की आशंका में उनका चालान किया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
विज्ञापन 2