बेटी की मार्कशीट लेने निकले पिता की मौत:सड़क हादसे में गई जान, परिवार के इकलौते कमाने वाले थे, दिल्ली में करते थे काम

6
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के गिलौला थाना क्षेत्र में बीती रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। मृतक की पहचान गिलौला थाना क्षेत्र के कहारी निवासी 41 वर्षीय मालिक राम मौर्य के रूप में हुई है। वह देर शाम अपनी बेटी की मार्कशीट लेने घर से निकले थे। खुटेहना मोड़ के पास एक ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे मालिक राम गंभीर रूप से घायल हो गए। अंधेरा होने के कारण वह काफी देर तक घटनास्थल पर पड़े रहे। बाद में, राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल मालिक राम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर बहराइच रेफर कर दिया था। हालांकि, बहराइच ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है, लेकिन चालक की जानकारी नहीं मिल पाई है।
स्थानीय लोगों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मालिक राम मौर्य अपने छह भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उनके परिवार में 21 वर्षीय बेटी लक्ष्मी देवी, 19 वर्षीय बेटा रामसागर और 17 वर्षीय बेटा कालीचरन हैं। उन्होंने एक साल पहले ही अपनी बड़ी बेटी लक्ष्मी की शादी की थी।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मालिक राम दिल्ली में मजदूरी करते थे। वह एक महीने पहले ही दिल्ली से घर आए थे और दो दिन बाद वापस जाने की तैयारी में थे। वह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे बेटी की शादी के बाद बेटों की शादी का भी जिम्मा उनके सर पर था।

यहां भी पढ़े:  बिहार में NDA की जीत पर जश्न:उतरौला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं
Advertisement