श्रावस्ती में शीतलहर और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित:दृश्यता कम होने से आवागमन प्रभावित, दिहाड़ी मजदूर बुजुर्गों-बच्चों को परेशानी

3
Advertisement

श्रावस्ती जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। रविवार सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। ठंडी हवाओं के कारण गलन बढ़ गई है, जिसका सीधा असर जनजीवन पर पड़ रहा है। अत्यधिक ठंड के कारण सुबह के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। केवल आवश्यक कार्य से निकलने वाले लोग ही घरों से बाहर दिखे। घने कोहरे के चलते सड़कों पर इक्का-दुक्का वाहन ही धीमी गति से हेडलाइट जलाकर चलते नजर आए। वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ रही है। पिछले लगभग एक सप्ताह से जारी ठंड और कोहरे से बुजुर्गों, बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों को सर्वाधिक परेशानी हो रही है। दिहाड़ी मजदूरों को आजीविका के लिए ठंड के बावजूद सुबह घरों से निकलना पड़ रहा है। ठंड का असर बाजारों पर भी दिख रहा है, जहां धूप निकलने के बाद ही रौनक लौटती है। पिछले एक सप्ताह के दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव देखा गया। कभी शीतलहर और कोहरे ने मुश्किलें बढ़ाईं, तो कभी दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली। हालांकि, गलन और ठंड का प्रभाव लगातार बना रहा। हालांकि आज दोपहर बाद धूप खिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोग जगह-जगह अलाव का सहारा ले रहे हैं। इस बीच, घना कोहरा गेहूं की फसल के लिए लाभकारी माना जा रहा है, जिससे फसल के विकास में तेजी आने और बेहतर पैदावार की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, श्रावस्ती जिले का अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यदि धूप नहीं निकलती है, तो आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।

यहां भी पढ़े:  गिलौला क्षेत्र में सकट चौथ का व्रत श्रद्धापूर्वक मनाया गया:महिलाओं ने संतान की सुख-समृद्धि के लिए रखा उपवास
Advertisement