दो दिन में गौशाला में 6 गायों की मौत:बस्ती में गलत इलाज का आरोप, पशु चिकित्सक-फार्मासिस्ट पर केस दर्ज

0
4

बस्ती के रानीपुर स्थित एक गौशाला में गलत इलाज के कारण अब तक 6 गायों की मौत हो गई है। इस मामले में पशु चिकित्सक डॉ. अजय वरुण और फार्मासिस्ट प्रदीप कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद प्रशासनिक और पशुपालन विभाग में हड़कंप मच गया है। ग्राम रानीपुर निवासी विद्या सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 15 जनवरी को गौशाला में एक गाय की तबीयत खराब हुई थी। आरोप है कि मरवटिया में तैनात पशु चिकित्सक डॉ. अजय वरुण खुद मौके पर नहीं पहुंचे। डॉ. वरुण ने फार्मासिस्ट प्रदीप कुमार के माध्यम से दवाएं भिजवाईं और इंजेक्शन लगवाया। शिकायत के अनुसार, गलत दवा और लापरवाहीपूर्ण उपचार के कारण गौशाला में मौजूद अन्य गोवंशों की हालत बिगड़ती चली गई। शुरुआती चरण में पांच गायों की मौत हो गई थी, जबकि अन्य की हालत गंभीर बनी हुई थी। शनिवार देर रात चार और गायों ने दम तोड़ दिया, जिससे कुल मृत गोवंशों की संख्या नौ हो गई है। गौशाला संचालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान और एसडीएम सदर शत्रुघ्न पाठक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरुण गुप्ता ने बताया कि मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। थाना नगर पुलिस ने विद्या सिंह की तहरीर और प्रारंभिक जांच के आधार पर पशु चिकित्सक डॉ. अजय वरुण और फार्मासिस्ट प्रदीप कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन 2