सम्पूर्ण समाधान दिवस में 144 शिकायतें: 19 का मौके पर हुआ निस्तारण, डीएम-एसपी और सीडीओ रहे मौजूद – Bahraich News

4
Advertisement

बहराइच में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आज जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलेभर में कुल 144 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील महसी में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चंद्र, उप जिलाधिकारी आलोक प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद और जिला विकास अधिकारी राज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि फरियादी निस्तारण की कार्यवाही से संतुष्ट हो सकें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जरूरतमंद और असहाय लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए और उन्हें पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश उपाध्याय, डीएसओ नरेंद्र तिवारी, डीपीओ निहारिका विश्वकर्मा, जिला गन्ना अधिकारी आनंद शुक्ला, एलडीएम जितेंद्र मंसद सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, बीईओ, सीडीपीओ और थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। तहसीलवार निस्तारण के आंकड़े इस प्रकार रहे: महसी में प्राप्त 45 प्रार्थना-पत्रों में से 2, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में 16 में से 1, कैसरगंज में 21 में से 4, पयागपुर में 20 में से 4, नानपारा में 30 में से 6 और तहसील सदर में प्राप्त 12 प्रार्थना-पत्रों में से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया।
Advertisement