श्रावस्ती जनपद के सिरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सुईया गांव में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके खेत में मिला है। मृतक की पहचान भूतना गांव निवासी आसाराम उर्फ सर्रा के रूप में हुई है, जो बीती शाम से लापता थे। घटनास्थल से शराब की बोतल और गिलास मिलने के बाद अत्यधिक शराब सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 68 वर्षीय आसाराम उर्फ सर्रा शनिवार शाम अपने घर से निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात भर उनका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह उनका शव गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर सुईया स्थित उनके ही खेत में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक शराब की बोतल और एक गिलास बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब सेवन को मौत का एक संभावित कारण माना जा रहा है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलन किया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक आसाराम को शराब पीने की आदत थी। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें से 45 वर्षीय जगत और 42 वर्षीय पित्तर ईंट-भट्ठों पर मजदूरी करते हैं। तीसरा बेटा कुछ समय पहले लापता हो गया था। आसाराम घर पर रहकर खेती-बाड़ी का काम संभालते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। वहीं सिरसिया थाना पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।









































