श्रावस्ती जनपद के सिरसिया थाना क्षेत्र के सुइयां में रविवार को एक बुजुर्ग का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। गांव के बाहर खेत में शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आशा राम उर्फ सर्रा पुत्र होली के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सिरसिया पुलिस और एसएसबी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि आशा राम अत्यधिक शराब का सेवन करते थे, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और इसी कारण उनकी मौत हुई। हालांकि, पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।






































