श्रावस्ती पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशों पर जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति–5.0’ के अंतर्गत ‘ऑपरेशन रक्षा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चन्द्र उत्तम और क्षेत्राधिकारी नगर भिनगा सतीश कुमार शर्मा के पर्यवेक्षण में थाना मल्हीपुर परिसर में एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के भट्ठा मालिकों और प्राइवेट बस संचालकों को आमंत्रित किया गया। उन्हें ‘ऑपरेशन रक्षा’ अभियान के उद्देश्यों, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, उनके साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम, मानव तस्करी जैसी गंभीर घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष ने उपस्थित सभी भट्ठा मालिकों और बस संचालकों से अपील की कि वे अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उनसे किसी भी प्रकार की समस्या, आपराधिक गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने तथा अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया। बैठक के दौरान सभी उपस्थित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और ‘ऑपरेशन रक्षा’ को सफल बनाने हेतु पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का अनुरोध किया गया। इसी क्रम में, मानव तस्करी की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन रक्षा’ अभियान के अंतर्गत, तिकोनिया मोड़ पर AHT थाना और मिशन शक्ति की संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। साथ ही, फतेहपुर बनगई बाजार क्षेत्र में भी निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखी गई। जनपद पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा मानव तस्करी की रोकथाम के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती पुलिस का 'ऑपरेशन रक्षा' अभियान:महिला सुरक्षा, मानव तस्करी रोकथाम पर जागरूकता...





































